अमर उजाला ब्यूरो
देवबंद। क्षेत्र में पिछले कई सप्ताह से लगातार हो रही चोरियों से लोगों में दहशत है। पिछले करीब डेढ़ सप्ताह में चोर घर और दुकानों को मिलकर दर्जनों स्थानों पर वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
3 दिसंबर की रात, स्थान तलहेड़ी चुंगी मदनी मार्केट में चोरों ने यहां बड़जियाउलहक निवासी मौ. असलम की बैटरी की दुकान समेत छह दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। 10 दिसंबर की रात थीतकी गांव में बदमाशों ने मुर्गी फार्म पर धावा बोलकर फार्म मालिक जीशान से 12 हजार जबकि वहां मौजूद ग्राहकों से 9-9 हजार रुपये, बाइक और मोबाइल लूट लिया था। 10 दिसंबर की ही रात कुटी रोड मोहल्ला गुज्जरवाड़ा में हथियारबंद बदमाशों ने इरफान के घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को गनप्वाईंट पर लेकर वहां से 60 हजार रुपये की नगदी व सोने चांदी के आभूषण लूट लिए। इतना ही नहीं बदमाशों ने वहां जमकर दावत भी उड़ाई। रसोई में रखा खाना खाया और चाय भी बनाकर पी। 10 दिसंबर की ही रात कुटी रोड मोहल्ला गुज्जरवाड़ा में बदमाशों ने मो. अहसान की इंटरलॉकिंग फैक्ट्री में बुजुर्ग चौकीदार की कनपटी पर तमंचा सटाकर मशीनों के पार्ट्स व इंवर्टर लूट लिया। 12 दिसंबर की रात रेलवे रोड पर चोरों ने नीरज त्यागी के जेपी मेडिकल स्टोर के ताले तोड़कर इंवर्टर, बैट्री और हजारों रुपये की नगदी चोरी कर ली। 11 दिसंबर की रात रेलवे रोड पर चोरों ने विमल प्रोविजन स्टोर के ताले तोड़कर यहां से हजारों रुपये का सामान व गल्ले में रखी हजारों रुपये की नगदी चोरी कर ली। 12 दिसंबर की ही रात नूरपुर चौराहे पर चोरों ने एक ही रात में पांच दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान व नगदी चोरी कर ली।
मंदिर के बाहर से श्रद्धालु की बाइक चोरी, तहरीर दी
देवबंद। थाना छपार के बसेड़ा गांव निवासी शुभम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को बाइक पर श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर में आया था। बाइक बाहर खड़ी कर वह भीतर गया। कुछ देर बाद वापस आया तो उसे बाइक गायब मिली।