सहारनपुर। महानगर से गांव लौट रहे एक युवक का अपहरण कर लिया गया। कुछ ही देर बाद आरोपियों ने पिटाई करके युवक को छोड़ दिया। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कादीम निवासी गुलफाम फाजिल ने दर्ज कराए मामले में बताया कि रविवार की देर शाम उसका भतीजा नावेद शहर से बाइक पर गांव लौट रहा था। आरोप है कि पेपर मिल रोड पर हिम्मतनगर के निकट कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और उसका अपहरण कर ले गए। आरोपियों ने उसे नाजिरपुरा में ले जाकर पिटाई की और फिर छोड़कर फरार हो गए। तलाश करने पर नावेद परिजनों को घायल अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली सदर बाजार से आवास विकास चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार यादव और देहात कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद परिजन नावेद को कोतवाली सदर बाजार ले आए। मामले में चार को नामजद करते हुए दस आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने गुलफाम की तहरीर पर शुभम, अक्षय, टिल्लू, अज्जू, हरमन और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट की। इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।