सहारनपुर। नकुड़ में शातिर बदमाश की घेराबंदी और मुठभेड़ में भाग रहे कुख्यात ओमपाल के पैर में सामने से गोली लगी है। जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया तो यहां पैर से गोली आर-पार निकल चुकी थी। चिकित्सकों ने इलाज के बाद उसे खतरे से बाहर बताया। सहारनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच करीब आधा दर्जन मुठभेड़ हो चुकी है। इनमें ज्यादातर बदमाशों को गोली पैर में लगी। इसके अलावा मुठभेड़ में एक ही बदमाश गिरफ्तार हुआ, जबकि पुलिस की तमाम घेराबंदी के बीच फरार होने में कामयाब रहा है। बिहारीगढ़ में 12 हजार का इनामी गिरफ्तार हुआ तो गोली उसके पैर में लगी और उसका साथी फरार हो गया। सदर थाने में एक बदमाश को पुलिस ने ढेर कर दिया था, मगर बाइक पर बैठा उसका दूसरा साथी पुलिस पकड़ में नहीं आया। सोमवार को हुई मुठभेड़ में शातिर बदमाश ओमपाल के पैर में सामने से गोली लगकर पीछे से निकल गई। मगर, उसका भी दूसरा साथी पुलिस की पकड़ में नहीं आया। एसएसपी बबलू कुमार अब साहसी पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए साप्ताहिक परेड में सम्मान करेंगे। बदमाशों से मुठभेड़ और साहसी कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर उन्हें प्रशस्ति पत्र सौंपा जाएगा। इसके अलावा थानों और चौकी के चार्ज में भी ऐसे ही पुलिसकर्मियों को मेरिट दिया जाएगा।