नानौता (सहारनपुर)। तीन दिन पूर्व बंधन बैंक कर्मचारी के साथ हुई 50 हजार रुपये की लूट के मामले में थाना पुलिस ने दो लुटेरों को नकदी, तमंचा सहित गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष यशपाल धामा ने बताया कि थाना पुलिस ने शनिवार की रात नानौता रेलवे स्टेशन से बैंक कर्मी से लूट करने वाले सोनू पुत्र भूषण निवासी पांडुखेड़ी व संजीव उर्फ लाल्ला पुत्र रेशुपाल को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष यशपाल धामा ने बताया कि पकडे़ गए लुटेरों के पास से 17 हजार की नकदी, लूटा हुआ मोबाइल, एक तमंचा, दो कारतूस, एक चाकू बरामद किया है। जबकि तीसरा आरोपी पल्सर बाइक सहित फरार है। पकड़े गए संजीव उर्फ लाल्ला पुत्र रेशपाल निवासी जैदपुरा पर पूर्व में भी नानौता थाने पर छह मुकदमे दर्ज हैं।
लूटरों ने रेकी कर दिया था लूट को अंजाम
थानाध्यक्ष यशपाल धामा ने बताया कि एक दिन पूर्व लूट में शामिल रहे सोनू पुत्र भूषण द्वारा नानौता के बंधन बैंक पर पहुंच कर लूट के पीड़ित पंकज से लोन के संबंध में जानकारी हासिल की थी। इतना ही नहीं उक्त लूट में शामिल तीनों लुटेरे अगले दिन बैंककर्मी के गांव में जाने और किश्त कलेक्शन करने की भी बराबर रेकी कर रहे थे। जिस समय बैंककर्मी कलेक्शन कर गांव से आया तो उसे नहर पुल पर पल्सर बाइक पर बदमाश खड़े मिले थे।
क्या था पूरा मामला
चार जनवरी की सुबह करीब 11 बजे प्राइवेट बैंक के कर्मी (डीबीओ) पंकज कुमार पुत्र कुंवरपाल से नानौता-जडौदा मार्ग नहर पटरी पर पल्सर सवार तीन बदमाशों ने करीब 50 हजार रुपये तमंचे के बल पर लूट लिए थे।