देवबंद (सहारनपुर)। मोहल्ला कायस्थवाड़ा में चोरों ने एक बंद मकान के ताले तोड़कर वहां से दो लाख रुपये की नगदी सहित हजारों रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी युसूफ पुत्र अब्दुल वहीद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में गया हुआ था। शुक्रवार की सुबह जब वह वापस लौटा तो घर के ताले टूटे हुए मिले। भीतर जाकर देखा कमरे में लगी कुंडी टूटी हुई थी और उसमें रखी अलमारी खुली पड़ी थी। देखने पर पता चला कि चोर अलमारी में रखी करीब दो लाख रुपये की नगदी, एक सोने का हार, सोने की अंगूठी, एक चांदी का हार सहित अन्य सामान चोरी करके ले गए। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने यूसुफ और आस पड़ोस के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने शीघ्र खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया है। उधर, पुलिस ने मोहल्ला बड़जियाउलहक निवासी दानिश, नैय्यर, फौलादपुरा निवासी छोटन, बुद्धु का शांतिभंग की धारा में चालान किया है। जबकि मदीना कालोनी निवासी अलीम को अवैध चाकू रखने के आरोप में जेल भेजा है। अलीम को पुलिस ने देवीकुंड रोड से गिरफ्तार किया हैै।
फरार हत्यारोपियों समेत तीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा
देवबंद। कोतवाली पुलिस ने फुलास अकबरपुर गांव में हुई हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पुलिस ने फुलास अकबरपुर गांव निवासी साजिद और अब्दुल रऊफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस के मुताबिक करीब तीन माह पूर्व गांव में झगड़े के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जिसमें दोनों लोग फरार चल रहे थे। वहीं, पुलिस ने नगर के भायला रेलवे फाटक के समीप से मोहल्ला मटकोटा निवासी भूरा को पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है।