गंगोह (सहारनपुर)। विश्वामित्र इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को की गई फायरिंग के मामले में पुलिस ने स्कूल के पूर्व एमडी अनिल शर्मा सहित आधा दर्जन लोगों को जेल भेज दिया है। आरोपियों में अनिल शर्मा के अलावा मेरठ के किठौर के गांव भगवानपुर निवासी मनवीर, हरिद्वार निवासी भगीरथ, जेहरा निवासी जोगेंद्र, मोहित एवं प्रिंस शामिल है।
बता दें कि विश्वामित्र इंटरनेशनल की प्रबंध संचालन समिति और पूर्व एमडी में विवाद चल रहा है। एक अध्यापिका को हटाने को लेकर पति अनिल शर्मा-पत्नी पूनम शर्मा के बीच हुआ विवाद अनेक बार कोतवाली तक जा चुका है। शनिवार को स्कूल की प्रबंध समिति ने पूर्व एमडी अनिल शर्मा पर नकाबपोश लोगों के साथ जबरन स्कूल में घुसकर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया था। हालांकि कोतवाली में किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपियों से बरामद तीन लाइसेंसी हथियारों को जब्त कर लिया था। रविवार को सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
हो सकता था बड़ा हादसा
गंगोह। जिस प्रकार विद्यालय के घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की गई उससे कोई भी अप्रिय घटना घटित हो सकती थी। गनीमत रही कि फायरिंग से कुछ समय पूर्व ही छुट्टी कर दी गई थी। इसीलिए पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर न मिलने के बावजूद अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज की और तमाम सिफारिशों को दरकिनार कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।