तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी के 18 पशु बरामद
सहारनपुर। देहात कोतवाली पुलिस ने तीन पशु चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों से पास 18 पशु, स्कार्पियो कार, दो तमंचे और एक चाकू बरामद हुआ है। आरोपियाें ने वर्धमान कॉलोनी से पशु चोरी किए थे।
देहात कोतवाली में पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी विनीट भटनागर ने बताया कि चार मई की रात वर्धमान कालोनी निवासी बाबूराम के बाड़े से 18 पशु चोरी कर लिए गए। इनकी कीमत 3.50 लाख रुपये है। देहात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगाई थी। मुखबिर की सूचना पर देहात कोतवाली इंस्पेक्टर पवन कुमार चौधरी के साथ पुलिस टीम ने चिलकाना रोड पर बड़ी नहर की पुलिया से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन मौके से भाग में कामयाब हो गए। आरोपियों के पास एक स्कार्पियों कार, 18 पशु, दो तमंचे, एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रामपाल उर्फ बुग्गा निवासी मोहल्ला लाजपतनगर, सुखवेंद्र निवासी पालकी रादौर जनपद यमुनानगर हरियाणा और रामू निवासी मोहल्ला मूंगागढ़ा कोतवाली मंडी सहारनपुर बताए। आरोपियों ने बताया कि उनके फरार साथियों के नाम मोहित, विशू और अंकित है। इनकी मदद से उन्होंने वर्धमान कॉलोनी से पशु चोरी किए थे और इन्हें बेचने हरियाणा जा रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर दिया।