आसराखेड़ी के जंगल में नर कंकाल मिला
नकुड़ (सहारनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गांव आसराखेड़ी के जंगल में नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। खेत के मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की शनाख्त नहीं हो पाई है। नकुड़ कोतवाल यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि गांव आसराखेड़ी निवासी किसान मदन पाल अपने खेत में पानी दे रहा था। कोतवाल ने बताया कि मदन पाल के अनुसार वह अपने गन्ने के खेत की मेढ़ से गुजरा तो उसे दुर्गंध आई। मदनपाल ने ईख के खेत के अंदर घुसकर देखा तो वह नर कंकाल देखकर दंग रह गया। इसके बाद वह गांव पहुंचा और ग्रामीणों के साथ ही पुलिस को मामले की जानकारी दी। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। कोतवाल ने बताया कि शव काफी गल सड़ चुका होने के कारण उसकी शनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है।