नागल (सहारनपुर)। शनिवार की रात नागल थाना क्षेत्र के गांव सोहनचिड़ा के जंगल में स्थित तीन मुर्गा फार्मों से चार बदमाशों ने चार बैट्रें और इंवर्टर चोरी कर लिए। जबकि चौथे मुर्गा फार्म पर बदमाशों ने तमंचे से फार्म मालिक को आतंकित करते हुए पांच हजार की नगदी सहित बैट्रा व इंवर्टर लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आधी रात को गांव सोहनचिड़ा में बदमाशों ने मुर्गी फार्मों को अपना निशाना बनाया। यहां उन्होंने गांव के रिजवान पुत्र शमशाद व अब्दुल रहीम पुत्र जलालूदीन के फार्मों की जाली तोड़कर व साबिर पुत्र इस्लाम के फार्म पर बने मकान का ताला तोड़कर चार इंवर्टर व चार बैट्रें चोरी कर लिए। इसके बाद बदमाश रात करीब दो बजे इसी गांव के शहीदुलजमां पुत्र गुलबहार के फार्म पर पहुंचे। यहां खुले में सोए शहीदुलजमां को बदमाशों ने जगाया और तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए पांच हजार रुपये, बैट्रा और इंवर्टर लूट लिया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों की संख्या चार थी, जो मुंह पर कपड़ा लपेटे थे। इसके बाद वे शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बता दें कि एक माह पूर्व भी तीन मुर्गी फार्म से बैट्रे व इंवर्टर चोरी हो गए थे। उनका भी खुलासा नहीं हो सका है। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दे कर कार्रवाई की मांग की है। उधर थानाध्यक्ष अमरदीप लाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।