सहारनपुर के देवबंद में दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने आबादी के बीचोंबीच एक मकान में घुसकर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण, तीन लाख रुपये की नगदी लूट ली।
इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर बदमाश फरार हो गए। किसी तरह परिवार के सदस्य बंधक मुक्त हुए और घटना की पुलिस को जानकारी दी।
सोमवार को मोहल्ला चाहपारस निवासी मकान मालिक अरविंद कुमार जैन ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे वह अपनी मंदबुद्धि बेटी दीपिका के साथ घर के निचले हिस्से में बैठे हुए थे। जबकि पत्नी पारुल जैन ऊपर कमरे में लेटी थी।
तभी किसी ने दरवाजा खटखटाया। जाकर देखा तो एक व्यक्ति जो पहले भी कई बार बाग खरीदने के लिए सिलसिले में उनसे मिल चुका था, बाहर खड़ा हुआ था। उन्होंने दरवाजा खोलकर उसे भीतर बुला लिया। इस दौरान उसने पानी मांगा तो वह ऊपर कमरे से पानी लेकर नीचे आए।
जब वह व्यक्ति पानी पी रहा था कि तभी दो और लोग घर में घुस गए और तमंचे, बलकटी से आतंकित कर उन्हें और उनकी बेटी को बंधक बना लिया इस दौरान एक बदमाश ऊपर गया और पत्नी पारुल की कनपटी पर तमंचा सटाते हुए उसे भी नीचे ले आया।
बदमाशों ने तीनों लोगों के मुंह पर टेप चिपका दी और कपड़ों से हाथ पैर बांधकर नीचे के एक कमरे में बंधक बना लिया। धमकी देते हुए चाबी लेकर ऊपर के कमरे में रखी तिजौरी और नीचे के कमरे में बनी अलमारी से उन्होंने सोने के आभूषण व नगदी लूट ली।
करीब आधा घंटे तक लूटपाट करने के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। अरविंद कुमार जैन ने बताया कि बदमाश करीब 15 लाख रुपये के सोने के जेवर और लगभग तीन लाख रुपये की नगदी लूटकर ले गए। जबकि पांच लाख रुपये के आसपास के जेवर वहीं पर छोड़ गए।
किसी तरह वह मुक्त होकर समीप में रहने वाले अपने तहेरे भाई अतुल जैन के पास पहुंचे और लूट होने की जानकारी दी। जिसके बाद अतुल जैन ने फोन कर पुलिस को घटना की बाबत सूचना दी।
तुरंत ही कोतवाली के एसएसआई गुरुचरण सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना करते हुए पीड़ित परिवार से जानकारी ली। दिनदहाड़े हुए लूट की वारदात से इलाके के लोग दहशत में हैं।
बता दें कि अरविंद कुमार जैन का परिवार पुराने रईसों में गिना जाता है। खेती बाड़ी होने के साथ साथ वह ब्याज का काम भी करते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लूट की वारदात को अंजाम देने वाला एक बदमाश सांपला मार्ग पर स्थित आम के बाग को खरीदने के बहाने मुलाकात कर पहले ही अरविंद कुमार जैन के बारे में तमाम जानकारियां जुटा चुका था।
अरविंद जैन के मुताबिक पिछली बार बदमाश से हुई मुलाकात में बाग के सौदे की बात नहीं बनी थी। जिसके चलते बाग बेचने वाला मामला समाप्त हो गया था।
लूट करने वाले बदमाश जानते थे कि अरविंद कुमार जैन शराब के शौकीन हैं और वह घर में शराब रखते हैं। ऐसे में बदमाश ने पहले तो पानी पिया और बाद में उसने अरविंद से मजाकिया लहजे में शराब का जिक्र किया।
जिसके बाद अरविंद जैन शराब की बोतल लाए और वहीं बैठकर बदमाश ने दारु के दो पैग भी पीये। जिसके बाद भीतर घुसे साथियों के साथ मिलकर बदमाश ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
लूट की वारदात के बाद बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस को उस समय हैरत हुई जब घटनास्थल के आसपास महज एक ही सीसीटीवी कैमरा लगा मिला। यह कैमरा श्री जैन इंटर कॉलेज के बाहर लगा था। देर शाम तक पुलिस उस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेने के लिए कॉलेज प्रबंधतंत्र से संपर्क साधने में लगी थी।
देवबंद से लेकर सहारनपुर तक पुलिस अधिकारी अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने में कितना गंभीर हैं इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घटना के पांच घंटे बाद डॉग स्क्वॉयड को मौके पर भेजा गया। टीम ने बदमाशों की तलाश की औपचारिकता पूरी की और लौट गई।