सहारनपुर। बदमाशों ने चिलकाना बाईपास पर स्कूटी से आ रही महिला को रोककर नगदी एवं आभूषण लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला से मारपीट की। आरोपियों ने महिला के सिर में डंडे से प्रहार कर घायल कर दिया।
नगर कोतवाली के मोहल्ला किशनपुरा निवासी शबनम कुरैशी शनिवार को किसी काम से अपनी स्कूटी द्वारा चिलकाना गई थी। आरोप है कि शाम लगभग साढ़े 7 बजे चिलकाना से जब वह लौट रही थी तो चिलकाना बाईपास पर तीन चार बदमाशों ने जबरन उसे रोक लिया। जैसे ही वह रुकी बदमाशों ने उसके कान के कुंडल और पर्स छीन लिया। पर्स में रखे लगभग तीन हजार रुपये निकाल लिए। जब उसने बदमाशों का विरोध किया तो उसको पीटा गया। बदमाशों ने डंडे को सिर पर मारकर उसे घायल कर दिया।
शबनम ने आरोप लगाया कि लूट और हमले की सूचना उसने 100 नंबर डायल कर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसकी कोई मदद नहीं की। रात में ही वह चिलकाना थाना पहुंची और घटना की जानकारी दी। इस मामले में शबनम ने एसएसपी को ज्ञापन देकर मामला दर्ज कराए जाने एवं आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।