अंबेहटा (सहारनपुर)। आरा मशीन से गल्ला तोड़कर रुपये चोरी करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 12 हजार रुपये की नगदी भी बरामद की है।
कस्बे के मोहल्ला शाहबुतराय निवासी मो. सरवर अहमद की मोहल्ला किलिया कुआं पर आरा मशीन है। तीन दिन पूर्व उक्त आरा मशीन पर बने कमरे में रखे गल्ले का ताला तोड़कर हजारों रुपये चोरी हो गई थी। सरवर अपने स्तर से ही मामले की खोजबीन में लगा हुआ था। बुधवार को सरवर को उक्त मामले में कुछ सुराग हाथ लगा जिसकी जानकारी सरवर ने पुलिस को दी। पुलिस ने आजम नाम के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। आजम ने अपने दो अन्य साथियों की मदद से चोरी को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आजम की निशान देही पर कस्बे के ही फरमान पुत्र रफीक व रजत पुत्र शिवकुमार को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आजम ने पुलिस को बताया कि उसने अपने इन दोनों साथियों की मदद से सरवर के गल्ले का ताला सरिये से तोड़ा तथा गल्ले में रखे रुपये चोरी कर लिए। चोरी के बाद तीनों युवकों ने सहारनपुर जाकर दावत भी की।
पुलिस ने युवकों के कब्जे से 12 हजार की नगदी भी बरामद की है। चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आजम, फरमान व रजत को चालान कर दिया गया है।