किसान के खाते से कर ली आनलाइन शापिंग
नानौता (सहारनपुर)। क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान के खाते से ठग ने साठ हजार रुपये की आनलाइन शापिंग कर दी। पीड़ित किसान ने थाने में तहरीर देकर जांच कर कार्यवाही की मांग की है। ठसका गांव निवासी रकम सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व उसने अपने बेटे योगेश को नगर की स्टेट बैंक की शाखा के एटीएम में स्टेटमेंट लेने भेजा था। योगेश खाते की स्टेटमेंट निकाल कर वापस घर लौट गया। उसी रात करीब 11 से एक बजे के बीच किसी ने उसका खाता हैक कर तीन बार में उसके खाते में पड़ी 60 हजार की रकम से आनलाइन शापिंग कर ली। सुबह होने पर उसने रकम निकलने का संदेश पढ़ा तो दंग रह गया। इसके बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। माना जा रहा है कि स्टेटमेंट लेने के दौरान किसी ठग ने एटीएम कोड और खाते की अन्य जानकारी ले ली।