सहारनपुर। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोटरसाइकिल, तमंचा और चाकू भी बरामद हुआ। आरोपियों के दो साथी फरार हो गए।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सदर कोतवाली पुलिस को रजवाहा पटरी पर मोटरसाइकिल चोरी करने वाले कुछ लोगों के बारे में जानकारी मिली। सदर कोतवाली पुलिस रजवाहा पटरी पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। जबकि बदमाशों के दो साथी फरार हो गए। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू निवासी हसनपुर, अजय निवासी शारदा नगर, विशाल मिस्त्री निवासी रूपड़ी गुर्जर शामिल हैं। जबकि फरार आरोपियों में रजत कुमार निवासी दयाल कॉलोनी पंजाबी बाग तथा सागर निवासी फ्रेंड्स का रहने वाला हैै। बरामद एक मोटरसाइकिल शारदा नगर, एक मोटरसाइकिल मल्हीपुर रोड से, एक गंगोह से, एक बाइक दिल्ली रोड से, एक बाइक अंबाला रोड से एवं एक बाइक मेरठ से चोरी की गई थी। वहीं फरार दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।
चोरी कर पुर्जे-पुर्जे करके बेच देते थे
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपियों में शामिल विशाल बाइक मिस्त्री है। चोरी की बाइकों को विशाल पुर्जे-पुर्जे कर देता था। उसके बाद पुर्जों को अच्छी कीमतों पर बेच देते थे। अपने शौक पूरा करने के लिए बाइकों की चोरी करते थे।