देवबंद (सहारनपुर)। बाबूपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह बीएसएफ में सिपाही की पत्नी का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, मायका पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
बाबूपुर निवासी सुनील श्रीनगर में बीएसएफ में सिपाही है। वह दो दिन पूर्व ही छुट्टी पर घर आया था। बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी ममता का शव कमरे में फंदे पर लटका देख लोगों के होश उड़ गए। महिला की मौत की सूचना पर सीओ सिद्धार्थ सिंह व कोतवाल पंकज त्यागी पुलिस बल के साथ बाबूपुर गांव पहुंचे तथा परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। वहीं सूचना मिलने पर गांव पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान मायके और ससुराल पक्ष के बीच नोकझोंक भी हुई। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत किया। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या का पता चल सकेगा। जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक महिला के परिवार वालों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप लगाया कि ससुराली उनकी बेटी को तंग करते आ रहे थे।