डाक्टर पर तेजाब फेंकने के आरोपी की तलाश में पुलिस ने दी दबिश
छुटमलपुर (सहारनपुर)। स्वामी राम हिमालयन इंस्टीट्यूट जौलीग्रांट के डाक्टर पर तेजाब फेंकने के आरोपी की तलाश में डोईवाला पुलिस ने यहां दबिश देकर उसकी तलाश की लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। इसके बाद पुलिस खाली हाथ लौट गई। आरोपी सात जून को इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा है।
सात जून की रात हिमालयन इंस्टीट्यूट के पीजी हॉस्टल में रह रहे चमन विहार देहरादून निवासी एमबीबीएस डाक्टर पर किसी ने तेजाब फेंक दिया था। इसमें डाक्टर गंभीर रूप से झुलस गया था। हादसे को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया था। इसमें पीड़ित डाक्टर के पिता महेंद्र सिंह मेहरा की तरफ से फतेहपुर थाने के गांव लश्करपुर उर्फ चमारीखेड़ा निवासी शुभम सैनी पुत्र धनीराम सैनी के खिलाफ डोईवाला थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तभी से शुभम फरार चल रहा है। बताया जाता है कि शुभम पीड़ित डाक्टर का गहरा दोस्ता था। किसी कारण से दोनों में अनबन हो गई थी। शुभम की तलाश में जौलीग्रांट चौकी प्रभारी महावीर सिंह रावत की अगुवाई में पुलिस टीम ने उसके गांव चमारीखेड़ा, छुटमलपुर और उसके आस पास में उसके परिचितों तथा रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह कहीं भी नहीं मिला। इसके बाद टीम वापस लौट गई।