रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पूर्व फौजी ने किया हंगामा
नानौता (सहारनपुर)। दिल्ली रोड स्थित अनुभव गार्डन कालोनी में हुई डकैती के मामले में एक पूर्व फौजी ने रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए काफी हंगामा किया। उसका आरोप है कि पुलिस ने दूसरे पूर्व फौजी की ओर से तो रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लेकिन उसकी ओर से अलग रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उसने 48 घंटे में रिपोर्ट दर्ज न कराने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
बता दें कि शनिवार रात अनुभव गार्डन कालोनी स्थित दो पूर्व फौजियों के घर एक दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर 18 लाख रुपये का डाका डाल दिया था। मकान नरेश का है जबकि दिनेश दूसरी मंजिल पर किराएदार है। घटना के बाद दोनो पीड़ितों द्वारा थाने पर घटना की तहरीर दी गई थी। लेकिन दिनेश का आरोप है कि केवल नरेश की तहरीर पर ही रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इस मामले में सोमवार को काफी संख्या में लोग पीड़ित के साथ एकत्र होकर नानौता थाने पहुंचे। जहां उन्होंने काफी लंबी वार्ता थानाध्यक्ष से करते हुए डकैती की रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही। लेकिन थानाध्यक्ष ने रिपोर्ट दर्ज करने से साफ मना कर दिया। कहा कि रिपोर्ट अलग से दर्ज नहीं होगी। दोनों मामलों की एक रिपोर्ट पहले ही दर्ज हो चुकी है। इसी बात को लेकर पीड़ित के साथ आए लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि पुलिस पहले से दर्ज रिपोर्ट में भी घटना को रफा-दफा करने की कोशिश में है। पूर्व फौजी दिनेश ने चेतावनी दी कि यदि उसकी ओर से रिपोर्ट दर्ज न हुई तो वह संजय चौक पर बुधवार को आत्मदाह करेगा। उधर, पुलिस का कहना है कि एक ही रिपोर्ट में दोनों के यहां हुई घटना दर्ज है। इसलिए अलग से रिपोर्ट की जरूरत नहीं है। घटना की जांच की जा रही है।