ट्रक ड्राइवर को नशीला पदार्थ सुंघाकर तीस हजार लूटे
बेहट (सहारनपुर)। इफ्तारी का सामान लेने के लिए शाकंभरी तिराहे की तरफ आए एक ट्रक ड्राइवर को तीन युवकों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर तीस हजार रुपये लूट लिए। होश आने पर पीड़ित कोतवाली पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए ड्राइवर को ही कोतवाली में बैठा लिया। मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी निवासी शाह नूर अपने ट्रक में मेरठ से खाद लोड कर मंगलवार की देर शाम बेहट पहुंचा था। रोजा इफ्तारी के समय उसने ट्रक को खाद की उस दुकान पर खड़ा कर दिया, जहां माल उतरना था और क्लीनर शाहवेज को इफ्तारी का सामान लाने की बात कहकर शाकंभरी तिराहे की तरफ चला गया। बकौल शाह नूर शाकंभरी तिराहे के पास स्थित सुलभ शौचालय के पास से पीछे से आए तीन युवकों ने उसे कुछ सुंघाया और वह बेहोशी की हालत में होकर दीवार से लग कर बैठ गया। करीब आधा घंटा बाद जब उसे कुछ होश आया तो उसकी जेब से तीस हजार रुपये गायब मिले। वह कोतवाली पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए शाह नूर को ही कोतवाली में बैठा लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।