रामपुर मनिहारान(सहारनपुर)। 11 मई को पुलिस टीम पर की गई पत्थरबाजी की घटना की जांच के लिए रविवार को एसआईटी की टीम रामपुर मनिहारान कोतवाली पहुंची।
पुलिस द्वारा की गई रिपोर्ट के आधार पर टीम ने नामजद किए गए 24 युवकों के नामों की भी सूची तैयार की। अब आरोपी युवकों की जल्द गिरफ्तारी तय मानी जा रही है। शब्बीरपुर की घटना के बाद 11 मई को रामपुर मनिहारान पुलिस पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए पथराव को लेकर रामपुर मनिहारान कोतवाली पहुंची एसआईटी टीम ने नामजद युवकों के नाम की जांच की। बता दें कि घटना के दिन पुलिस ने पत्थरबाजी कर रहे 11 युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया था, जिसके बाद उनका चालान कर दिया गया था। एसआईटी टीम के इंस्पेक्टर जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में रामपुर मनिहारान कोतवाली पहुंची टीम ने 11 मई को भीम आर्मी कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस पर की गई पत्थरबाजी व सीओ की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की घटना में नामजद किए गए 24 युवकों के नाम व पतों की जांच की। इनमें दो युवकों नाम के पिता के नाम गलत पाए गए, जिन्हें संशोधित कर लिया गया है। माना जा रहा है कि नामजद युवकों की गिरफ्तारी लगभग तय है।