नानौता (सहारनपुर)। थाना पुलिस ने नगर के एक मकान पर छापेमारी करते हुए देशी शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री, उपकरण सहित एक महिला को गिरफ्तार किया है। मौके से महिला का एक साथी फरार हो गया। थानाध्यक्ष यशपाल धामा ने बताया कि नानौता नगर के देवबंद रोड स्थित संतोष विहार कालोनी में एक मकान के अंदर देशी शराब बनाने की सूचना मिली। इसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां रजबहे की पटरी पर बने मकान में छापेमारी की। जहां से एक महिला शबनम पत्नी गुलजार को पकड़ा गया। जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पकड़ी गई महिला के मकान से पुलिस को दो ड्रम प्लास्टिक, जिसमें करीब 350 लीटर अपमिश्रित शराब, 40 शराब से भरे तथा 200 पव्वे खाली मय ढक्कन सहित, काफी संख्या में पव्वों को रखे जाने वाले खाली डिब्बे, एक प्लास्टिक बोतल में काले रंग का द्रव्य, एक छलनी, एक कीप, बाल्टी, एक पाइप, सहित काफी उपकरण मिले हैं। बताया गया कि पिछले काफी समय से नगर में रेक्टीफाइड शराब बनाकर बेचने का धंधा चल रहा था। थानाध्यक्ष यशपाल धामा का कहना है कि पकड़ी गई मिनी शराब की फैक्ट्री जिस मकान में चल रही थी, उसकी जानकारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर महिला का चालान किया गया है। जबकि फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।