सरसावा (सहारनपुर)। ठगो ने बैंक से रुपये निकाल कर घर लौट रहे एक व्यक्ति की बाइक की डिग्गी का ताला तोड़कर 96 हजार रुपये साफ कर दिए। किसान ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को खोजने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रही।
मंगलवार को क्षेत्र के ग्राम कुंडा का निवासी किसान मुर्सलीन अंबाला रोड स्थित स्टेट बैंक से अपने खाते से रुपये निकालने पहुंचा। शाम करीब चार बजे किसान ने अपने खाते से 96 हजार चार सौ रुपये निकाले तथा बैंक से बाहर आकर बाइक की डिग्गी में रख लिए। इसके बाद मुर्सलीन पेट्रोल पंप पर पहुंचा तथा पेट्रोल लिया। मुर्सलीन ने बताया कि पेट्रोल लेने के बाद वो मंगल बाजार पहुंचा तथा सब्जी की दुकान पर बाइक खड़ी कर सब्जी खरीदने लगा। सब्जी खरीदकर जब उसने पीछे देखा तो पाया कि बाइक की डिग्गी का ताला टूटा हुआ है तथा उसमें रखे रुपये गायब हैं। जिस पर उसने शोर मचा दिया तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से जानकारी हासिल कर ठगों को खोजने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही। पीड़ित ने थाने में अज्ञात के खिलाफ रुपये उड़ाने की तहरीर दी। एसओ सरसावा ने कहा कि चोर बैंक से ही पीछे लगे हुए थे।