सहारनपुर। मालगाड़ी की बोगी से खाद के सैकड़ों बोरे चोरी होने के मामले में आरपीएफ के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। इसे लेकर आरपीएफ में भारी रोष है। आरपीएफ के जवान सात जून को काली पट्टी बांधकर विरोध जता चुके हैं, मगर इसके बाद भी समस्या बनी हुई है।
दरअसल, खाद से लदी एक मालगाड़ी खानआलमपुरा यार्ड में रुकी थी। सहारनपुर से चली गाड़ी जब सुभागपुर पहुंची तो पता चला कि एक बोगी से खाद के 686 बोरे गायब हैं। ऐसे में उच्चाधिकारियों ने इसके लिए सहारनपुर आरपीएफ की लापरवाही मानते हुए कानूनी कार्रवाई की, जिसमें चार्जशीट दाखिल की गई है। कार्रवाई को लेकर आरपीएफ के जवानों में रोष है। सात जून को वह काली पट्टी बांधकर विरोध जता चुके हैं। आरपीएफ के जवानों का कहना है कि मामले की जांच कराई गई है, जिसमें पता चला है कि जिस बोगी से खाद चोरी हुआ है उसका खिड़की टूटी हुई थी, जो सहारनपुर आने से पहले भी टूटी हुई थी। ऐसे में हो सकता है कि सहारनपुर आने से पहले ही खाद की चोरी हुई हो या खाद के बोरे निकल गए हों। आरपीएफ के जवानों ने चार्जशीट वापस लेने की मांग की है। उधर, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने खाद चोरी होने के प्रकरण की पुष्टि की है, मगर बाकी कुछ भी बोलने से इनकार किया। कहा कि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। ऐसे में उनके स्तर से कुछ भी कह पाना ठीक नहीं होगा।
मालगाड़ी की बोगी से खाद के 686 बोरे गायब होने का मामला