बीयर के पैसे मांगने पर ठेके में तोड़फोड़ सेल्समैन सहित दो लोगों को पीटा
देवबंद। लबकरी में शराब ठेके पर बीयर के पैसे मांगने पर कुछ लोगों ने सेल्समैन के साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, बीच बचाव करने के लिए पहुंचे एक व्यक्ति पर भी आरोपियों ने हमला कर घायल कर दिया। बाद में दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
भायला निवासी गौरव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया वह लबकरी गांव स्थित बीयर शॉप पर सेल्समैन है। शुक्रवार रात वह दुकान पर बैठा था। करीब 9.30 बजे लबकरी गांव निवासी एक व्यक्ति का रिश्तेदार दुकान पर बीयर खरीदने पहुंचा। बीयर देने के बाद जब उसने प्रिंट रेट के हिसाब से पैसे मांगे। आरोप है कि व्यक्ति कम पैसे देने की बात कर गाली-गलौच करने लगा। कुछ देर बाद वह कई अन्य लोगों के साथ दुकान पर पहुंचा। उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर लोगों ने दुकान के अंदर घुसकर तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। उसके साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर लबकरी का एक व्यक्ति बचाने के लिए वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया। बाद में दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। कोतवाली अभिषेक सिरोही ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।