चिलकाना (सहारनपुर)। बैंक कर्मचारी से मारपीट तथा उसे सभी लोगों के सामने जान से मारने की धमकी देने वाले ग्राम प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है।
बुधवार को गांव माहेश्वरी कला निवासी ग्राम प्रधान रियासत पुत्र अब्दुल खलिद पंजाब नेशनल बैंक में एक चेक का भुगतान लेने गया था। बैंककर्मी रमेश चन्द ने ग्राम प्रधान को कहा कि पूरा चेक तेल की चिकनाई में खराब हो चुका है, इसलिए इसका भुगतान नहीं किया जा सकेगा। दूसरा चेक लाने पर ही भुगतान संभव हो पाएगा। चेक का भुगतान करने वाले बैंककर्मी द्वारा इतना कहने पर ही ग्राम प्रधान तैश में आ गया। ग्राम प्रधान ने बैंककर्मी रमेश को बैंक में ही धमकाना शुरू कर दिया तथा उसके साथ मारपीट कर दी। प्रधान ने बैंक में सभी के सामने बैंककर्मी रमेश को जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि रमेशचन्द की तहरीर पर ग्राम प्रधान रियासत के खिलाफ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।