अवैध खनन में पकड़ी दो ट्रैक्टर ट्रालियां
चिलकाना। पुलिस ने खनन से भरी दो ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ लिया। हालांकि दोनों के चालक मौके से फरार होने में सफल रहे। रविवार देर रात एसओ सुधीर कुमार उज्जवल तथा एसआई राजीव शर्मा की टीम ने यमुना नदी में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया। रात में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने गांव पंचकुआ के पास नदी के पुल से बजरी से भरी दो ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ा। पुलिस को देखकर दोनों ट्रैक्टरों के चालक ट्रैक्टर ट्राली को छोड़ कर मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों ट्रैक्टर ट्राली को थाने ले गई। एसओ ने बताया कि दोनों ट्रैक्टर ट्राली के मालिकों की पहचान गांव पंचकुआ पीयूष तथा मांगेराम के रूप में हुई है। पुलिस ने अवैध खनन अधिनियम में दोनों ट्रैक्टर ट्राली को सीज कर दिया तथा अवैध खनन होने की रिपोर्ट जिला खनन अधिकारी को भेज दी है।