मानव कंकाल मिलने से सनसनी
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मेहरबानी के जंगल में एक कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। कंकाल किसी महिला का है अथवा पुरुष का यह भी पता नहीं चल सका है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बेहट रोड स्थित ग्राम मेहरबानी में लोगों को एक मानव कंकाल नजर आया। जिसे कुत्ते घसीट रहे थे। मानव कंकाल देख लोगों में खलबली मच गई। लोगों ने कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। लेकिन कंकाल पर न तो मांस था और न ही कोई कपड़ा मिला। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में कपड़ा होने की संभावना में छानबीन की। लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका। कंकाल काफी पुराना है, इसका मांस जानवर खा चुके हैं। लोगों को आशंका है कि किसी ने हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। देहात कोतवाली प्रभारी पवन कुमार चौधरी का कहना है कि कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।