गंगोह (सहारनपुर)। डग्गामार वाहन चालकों से गुस्साए रोडवेज कर्मचारियों ने बसों का चक्का जाम कर दिया। बसों का संचालन बंद करने के बाद चालकों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी मैजिक वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पडा।
कोतवाली पहुंचे रोडवेज बस चालकों का आरोप था कि कोतवाली के बाहर स्थित बस स्टैंड पर खड़ी रोडवेज बस के सामने डग्गामार मैजिक वाहन चालक अपना वाहन अड़ा कर जबरन सवारियों को बैठाने लगा। इसका विरोध करने पर आरोपी चालक ने रोडवेज कर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी। भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपी अपने वाहन सहित फरार हो गया। इसके बाद गुस्साए रोडवेज कर्मियों ने बसों का चक्का जाम कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली में डेरा डाल दिया। रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी केशोराम ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। सूचना मिलने पर रोडवेज के एआरएम आरके जैन और टीआई पवन कुमार भी कोतवाली पहुंच गये। उधर, रोडवेज बसों का संचालन बंद होने की खबर लगते ही पुलिस ने आरोपी मैजिक चालक की तलाश शुरू कर दी है। देर शाम तक रोडवेजकर्मी कोतवाली में ही डेरा डाले हुए थे।