देवबंद (सहारनपुर)। अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ने वाली दसवीं कक्षा की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है। छात्राओं के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने को पुलिस को तहरीर दी है।
बहादरपुर गांव निवासी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी लाला पूरणचंद साहनी कालेज में दसवीं कक्षा की छात्रा है। आरोप है कि गांव का युवक आए दिन कालेज से आते जाते समय उसके साथ छेड़छाड़ करता है। इतना ही नहीं विरोध करने पर कई बार उसने बेटी के साथ मारपीट भी की। व्यक्ति के मुताबिक जब वह शिकायत लेकर आरोपी युवक के घर गया तो उसके घरवालों ने उल्टा उसी के साथ गाली गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। वहीं, बास्तम गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी एचएवी इंटर कालेज में दसवीं कक्षा में पढ़ती है। आरोप है कि असदपुर करंजाली गांव निवासी एक युवक अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करता है। पुलिस का कहना है कि दोनों तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुलिस ने तीन दिन पूर्व सांपला बक्काल में नाना के घर आए किशोर अबुजर का अपहरण करने के मामले में मौके से पकड़े गए गांव के शाहरुख को बुधवार को जेल भेज दिया।