सहारनपुर। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष कमल सिंह वालिया की सुरक्षा में तैनात एक सिपाही को ग्राम रामनगर जाते समय कुछ युवकों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।
भीम आर्मी जिलाध्यक्ष ग्राम राम नगर निवासी कमल सिंह वालिया की सुरक्षा में सिपाही लाला सिंह को तैनात किया गया है। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह के अनुसार सोमवार शाम लालासिंह ग्राम रामनगर में कमल सिंह वालिया की सुरक्षा ड्यूटी के लिए जा रहा था। रास्ते में वाहन खड़े करने को लेकर कुछ युवकों को सिपाही लाला सिंह ने हटाने के लिए कहा। जिस पर आरोपी युवक उससे भिड़ गए। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। किसी प्रकार वह बचकर वहां से निकला। जिस पर उसने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी।
----------
-- हथियार निकालते ही भाग गए आरोपी
सिपाही लालासिंह का कहना है कि उसे कुछ युवकों ने रामनगर के निकट घेरकर उन पर हमले का प्रयास किया। उसने अपने पास रखे असलहे को निकाल लिया। जिसे देखते ही आरोपी उसे छोड़कर भाग गए।
---------
-- जब सुरक्षा कर्मी सुरक्षित नहीं तो उनकी सुरक्षा कौन करेगा
भीम आर्मी जिलाध्यक्ष कमल सिंह वालिया ने घटना पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं है तो उनकी जान माल की सुरक्षा कैसे होगी। उन्होंने मामले की जांच कराकर आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
--------
- सिपाही से मारपीट करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी दिनेश कुमार का कहना है कि सोमवार रात रामनगर जाते समय सिपाही लाला सिंह के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की है। आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
----------