गंगोह (सहारनपुर)। गंगोह कोतवाली में तैनात एक एसआई ने भाजपा के जिला मंत्री को धक्का मुक्की कर कोतवाली से बाहर निकल जाने को कहा। आरोप है कि जब जिला मंत्री ने अपना परिचय दिया तो एसआई तैश में आ गया और जिला मंत्री को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे डाली। जिला मंत्री ने मामले की सूचना कार्यकर्ताओं को दी तो भारी संख्या में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और कोतवाली प्रभारी के समक्ष नाराजगी जताते हुए आरोपी एसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सोमवार दोपहर बाद कोतवाली गंगोह में गांव सुखेड़ी निवासी भाजपा के जिला मंत्री मांगेराम सैनी किसी युवक का काम कराने के लिए गए थे। वह एसआई राजकुमार चंदेल से बातचीत कर रहे थे कि तभी वहां दूसरे दरोगा पहुंचे और मांगेराम सैनी के साथ गाली गलौच शुरू कर दी। जिला मंत्री मांगेराम सैनी ने जब अपना परिचय दिया तो एसआई और ज्यादा भड़क गए। एसआई ने मांगेराम सैनी को कोतवाली से बाहर जाने के लिए कहा। ऐसा न करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे डाली। मांगेराम सैनी ने मामले की सूचना पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को दी। कार्यकर्ता संजय प्रधान कम्हेडा, मनोज नूरखेडी, जयप्रकाश, दीपक, कर्मसिंह, प्रवेश बटार, सलमान जैदी, रजनीश, नवीन सैनी, अरूण चैधरी, देवेंद्र कश्यप, जितेंद्र सैनी, जितेंद्र जागलान, मन्नू आदि ने कोतवाली पहुंचकर कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार के समक्ष नाराजगी जताते हुए एसआई के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।