नकुड़ (सहारनपुर)। कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के गांव टोली में बाग में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। माना जा रहा है कि हत्या कर शव फेंका गया है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के गांव टोली में विशेष कुमार के आम के बाग में रविवार की सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली नकुड़ पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के चेहरे और आंखों के पास चोट के निशान मिले हैं। हत्या कर शव को बाग में फेंका गया है, जबकि पुलिस हत्या की बात से इंकार कर रही है। इंस्पेक्टर अमरदीप ने बताया कि मृतक की उम्र 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। शुरूआती जांच में हत्या किए जाने की बात सामने नहीं आई है। मृतक ने हल्के नीले रंग की शर्ट और काले रंग की पेंट पहनी है। माना जा रहा है कि रात के अंधेरे में गिरकर सिर में चोट लगने की वजह से युवक की मौत हुई है। शव तीन से चार दिन पुराना लग रहा है।