निहालखेड़ी और बीरपुर कायस्थ से दो लापता
देवबंद। निहालखेड़ी और बीरपुर कायस्थ से संदिग्ध परिस्थितियों में युवक सहित दो लोग लापता हो गए। परिजनों ने कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई है।
बीरपुर कायस्थ गांव निवासी सुशील कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि आठ नवंबर की सुबह करीब छह बजे उसका भाई बिन्नू (36) बाग में पानी चलाने के लिए घर से गया था। देर शाम तक नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। परिचितों और रिश्तेदारों में भी उसके बारे में जानकारी की गई। लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चला। वहीं, निहालखेड़ी गांव निवासी अजीत सिंह ने तहरीर में बताया कि उसका 18 वर्षीय भाई सुक्का तीन नवंबर को घर से बाहर निकला था। लेकिन आज तक नहीं लौटा। पुलिस ने दोनों की गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। उधर, पुलिस ने जखवाला निवासी सरेशो की तहरीर पर मकान के ताले तोड़कर तीन भैंसें और एक कटिया को चोरी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।