चिलकाना (सहारनपुर)। सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने पर अल्पसंख्यक समाज के लोगों में रोष फैल गया। पुलिस ने टिप्पणी करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। रविवार की शाम कस्बे के मोहल्ला जाकिर हसन निवासी सन्नी पुत्र सुरेन्द्र ने व्हाट्सअप पर धर्म विशेष के बारे में अभद्र पोस्ट भेज दिया। पोस्ट देखकर अल्पसंख्यक समाज के लोगों में रोष फैल गया। इस समाज के लोग एकत्र होकर उस दुकान पर पहुंचे जहां युवक नौकरी करता है। लोगों को देख कर युवक भाग गया। इसके बाद लोग चेयरमैन अकबर कुरैशी के निवास पर पहुंचे तथा आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। रात्रि में ही भारी संख्या में लोग थाने पहुंचे तथा थानाध्यक्ष से अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए व्हाट्सअप पर पोस्ट करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। सोमवार को कस्बे के मोहल्ला मजहर हसन निवासी मो. उस्मान पुत्र मो. यासीन की तहरीर पर सन्नी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ आईपीसी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।