ब्रिजेश की हत्या में नजदीकी का हाथ
सहारनपुर। सिर कटी लाश की पहचान होने के बावजूद पुलिस हत्या के मामले में पांच दिन बाद भी किसी को पकड़ने में नाकाम रही है। पुलिस बस इतना मान रही है कि ब्रिजेश उर्फ बंसी की हत्या उसके किसी नजदीकी ने ही की है। पुलिस मामले को पैसे के लेन देन से भी जुड़ा मानकर चल रही है।
मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला श्यामनगर में शुक्रवार की शाम को मिली सिरकटी लाश की पुलिस ने पहचान तो करा ली, लेकिन पुलिस न तो हत्यारे तक पहुंच सकी और न ही हत्या का सही कारण ही पता कर सकी। पुलिस ने मोहल्ला मोहित विहार निवासी ब्रिजेश उर्फ बंसी की हत्या के मामले में अब तक एक दर्जन लोगों से पूछताछ कर ली है, जबकि अभी भी पुलिस की हिरासत में कई लोग हैं। लेकिन पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। हालांकि पुलिस का मानना है कि बंसी की हत्या उसके किसी नजदीकी ने ही की है। जो उसका खास रहा है और उसे अपने साथ लेकर गया। इसके अलावा पुलिस का यह भी मानना है कि बंसी की हत्या का कारण पैसे के लेन देन भी हो सकता है। पुलिस बंसी से संबंधित लोगों की तलाश कर उनसे पूछताछ करने में लगी हुई है। कोई भी पुख्ता सबूत पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। कोतवाली मंडी प्रभारी इंस्पेक्टर मुनेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस फिलहाल दो तीन एंगल पर ही बंसी की हत्या का पता लगाने का प्रयास कर रही है। शीघ्र ही हत्यारे पुलिस की पकड़ में होंगे।