बीमा कराने के नाम पर ग्रामीणों से लाखों की ठगी
चिलकाना (सहारनपुर)। गांव कालूमाजरा के कई ग्रामीणों ने गांव के एक युवक पर बीमा कराने के नाम पर ठगी का आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रविवार को गांव कालूमाजरा के अंजेश कुमार, मोहित कुमार, नरेंद्र कुमार, लता, मोनी, बिजेंद्र, ब्रजमोहन, सोमपाल, सचिन, सुनील, राजकुमार सैनी, पूजा सैनी, सुरजला आदि चिलकाना थाने पहुंचे। उन्होंने तहरीर दी कि कालूमाजरा निवासी सतेंद्र ने गांव के करीब 15 लोगों का एक बीमा कंपनी से बीमा कराया था। जब सभी बीमाधारक एजेंट सतेंद्र के पास अपनी बीमा पालिसी का जमा कराया पैसा वापस लेने पहुंचे तो सतेंद्र ने कहा कि बीमा कंपनी बंद हो गई है। आरोप है कि सतेंद्र ने गांव के ही एक युवक मोहित द्वारा अपने रुपये वापिस मांगने पर उसके खिलाफ मारपीट करने की तहरीर थाने में दे दी।
ग्रामीणों का कहना है कि सतेंद्र ने मोहित के खिलाफ जिस समय की तहरीर थाने में दी है, उस समय मोहित तथा अन्य ग्रामीण शाकुंभरी देवी में भंडारा देने के लिए गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि सतेंद्र ने करीब 15 लोगों से बीमा के नाम पर दस लाख रुपये एकत्र कर रखे हैं। उनके पास रसीद भी हैं। लेकिन रसीद में दर्शाए गए पते पर कोई नहीं मिला है। ग्रामीणों ने पुलिस से धोखाधडी करने वाले के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उनके रुपये वापस दिलाने की मांग की है। थाने में मौजूद एसआई प्रेमप्रकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों को न्याय दिलाया जाएगा।