25 लाख की लॉटरी का झांसा देकर 66 हजार ठगे
गंगोह (सहारनपुर)। कौन बनेगा महा करोड़पति में 25 लाख रुपये की इनामी लाटरी जीतने का झांसा देकर एक महिला से 66 हजार रुपये की ठगी किये जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी ने दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर उसके व्हाट्सएप नंबर पर को बनेगा महा करोड़पति के नाम से एक मेसेज आया। जिसमें उसे बताया गया कि 25 लाख रुपये की लॉटरी के लिए 5000 नंबरों को चुना गया था। जिसमें से चुने गए 25 नंबरों में उसका नंबर भी शामिल है। उक्त रकम को प्राप्त करने के लिए उसे कंपनी के अधिकारी से बात करने के लिए कहा गया। उसने जब कंपनी के अधिकारी से बात की तो उसे बताया गया कि उक्त लाटरी विख्यात अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन द्वारा डाली गई है। रकम प्राप्त करने के लिए कुछ रकम जमा कराने की बात कही गई। बताया कि वह उनके झांसे में आ गई और बताये गए खाता नंबरों में अलग अलग करके कुल 66 हजार रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद भी उससे 10 हजार रुपये की मांग की गई तो उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हो गया। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर मामले की जांच करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।