यमुना नदी से नहीं रुक रहा अवैध खनन
लखनौती। यमुना नदी में खनन माफिया अवैध वसूली कर भैंसा-बुग्गियों से जमकर खनन करवा रहे है। जानकारी होते हुए भी प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के नाईमजरा और कुंडा कलां घाटों पर यमुना नदी में पानी के दूसरी पार खनन किया जा रहा है। निकट के गांवों के खनन माफिया इस काम को अंजाम दे रहे है। रात दिन चल रहे खनन के माध्यम से प्रत्येक घाट से आए दिन सैकड़ों बुग्गियां रेत से लदकर जाती हैं। खनन माफिया प्रत्येक बुग्गी से अवैध उगाही करते हैं। चालक को मजबूरन उगाही देनी पड़ती है। यदि चालक पैसा नहीं देते तो उनके साथ मारपीट की जाती है। कुछ बुग्गी चालकों ने बताया कि रास्ते में पुलिस की डायल 100 भी उनसे वसूली करती है। इसके बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जाता है। यदि वह उगाही देने से इंकार करते है तो उन्हें थाने ले जाने की धमकी दी जाती है। उधर, एसडीएम युगराज सिंह का कहना है कि जो लोग उगाही कर अवैध खनन करवा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।