गंगोह (सहारनपुर)। गांव कुंडाकलां निवासी गैंगरेप की शिकार एक पीड़िता ने आरोपियों पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में पीड़िता ने बताया कि 13 दिसंबर 2017 को गांव निवासी साजिद पुत्र शौकत और फुरकान पुत्र रतनु ने उसके घर में घुस कर तमंचे के बल पर गैंगरेप किया था। मामले में आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बताया कि आरोपी आपराधिक किस्म के राजनीतिक पहुंच वाले लोग हैं। वारदात को 40 दिन बीतने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे है। अब आरोपी उसे और अन्य परिजनों को मुकदमा वापस ना लेने पर गोली मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस पर भी आरोपियों से साज कर उल्टा उन्हें ही धमकाने का आरोप लगाया है। बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का कोई प्रयास तक नहीं कर रही है। उधर, कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि रंजिशन कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में आरोप मिथ्या पाए गए हैं।