बड़गांव (सहारनपुर)। रुड़की कोर्ट में पेशी पर जाते समय कोर्ट परिसर में बदमाशों द्वारा मारे गए पूर्व ब्लाक प्रमुख के पति देवपाल राणा का शव मंगलवार की रात पैतृक गांव बढेड़ी मजबता पहुंचा। जहां बुधवार की सुबह उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सोमवार को नानौता की पूर्व ब्लाक प्रमुख नीलम राणा के पति हिस्ट्रीशीटर देवपाल राणा की रुड़की कोर्ट में तारीख पर ले जाते समय बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को देवपाल के शव को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। परिजन देवपाल के शव को लेकर पहले देवबंद स्थित आवास पर पहुंचे। वहां से मंगलवार की शाम को ही उसके पैतृक गांव बढेड़ी मजबता लाया गया। इस दौरान लोगों की भीड़ हिस्ट्रीशीटर देवपाल राणा के शव को देखने के लिए पहुंची।
बाद में परिजनों ने अपनी निजी खेती की भूमि पर देवपाल के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शव को मृतक के 14 वर्षीय बेटे वंशज राणा ने मुखाग्नि दी। इस दौरान पूर्व प्रमुख देवबंद अनिल सिंह, पुंवारका ब्लाक प्रमुख कुलबीर राणा, अजीत राणा, यशवंत राणा, सपा के नीरज चौहान, पप्पू प्रधान महेशपुर, अमर सिंह प्रधान चिराउ, पूर्व प्रधान लुकादड़ी अमरीश, कांग्रेस के राज सिंह, पप्पू प्रधान इमलिया व हरियाणा से रविंद्र राणा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।