सरसावा (सहारनपुर)। नागरिक सुरक्षा टीम के तीन सदस्य लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर इंसानियत की अलख जगा रहे हैं। नागरिक सुरक्षा कोर सरसावा के चीफ वार्डन सरदार अवतार सिंह, डिप्टी चीफ वार्डन देशबंधु शर्मा तथा डिप्टी पोस्ट वार्डन अनुराग जैन बिना किसी स्वार्थ के इस मुहिम को 10 साल से चला रहे हैं। पुलिस को मिलने वाले लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के लिए बिना किसी जाति धर्म के भेद के पुलिस को अंतिम संस्कार करने के संसाधन उपलब्ध कराते हैं।
अवतार सिंह बताते हैं कि इसके पीछे उनका मकसद सिर्फ यह है कि लावारिस शव की दुर्गति न हो और उसका उसी के धार्मिक रीति रिवाज के हिसाब से अंतिम संस्कार हो जाए। विद्यालय संचालक तथा नागरिक सुरक्षा कोर में डिप्टी चीफ वार्डन देशबंधु शर्मा कहते हैं कि यदि मृत्यु के उपरांत शरीर का सही प्रकार से अंतिम संस्कार न हो तो ये धार्मिक रीति रिवाज के हिसाब से भी सही नहीं है। इसी सोच ने उन्हें इस मुहिम का हिस्सा बनाया है।
व्यापारी तथा नागरिक सुरक्षा कोर में डिप्टी पोस्ट वार्डन अनुराग जैन कहते हैं कि उनका यह प्रयास किसी प्रसिद्धि के लिए नहीं बल्कि आत्मिक शांति के लिए है। उन्हें इस कार्य में अपना योगदान देकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी के निर्वहन का अहसास होता है।