बेहट। फर्जी रॉयल्टी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिये उपखनिज का अवैध परिवहन कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह के खिलाफ बेहट पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फर्जी रॉयल्टी तैयार करने में प्रयुक्त कंप्यूटर उपकरण, प्रिंटर, लैपटॉप, सैकड़ों खाली रॉयल्टी प्रपत्र और एक कार बरामद की है।
खान निरीक्षक अभिलाष चौबे की तहरीर पर बेहट कोतवाली में एक जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि गिरोह फर्जी परिवहन प्रपत्र तैयार कर उन्हें असली रॉयल्टी के रूप में इस्तेमाल करते हुए बिना वैध अनुमति के सैंडस्टोन और क्वार्टजाइट गिट्टी का परिवहन कर रहा था। पूरे खेल से सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा था। एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पहले आरोपी तसव्वर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद पुलिस ने मलकपुर नहर रोड से मोबीन उर्फ चम्पत और परवेज को दबोच लिया। दोनों नकुड़ थाना क्षेत्र के टिडौली गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, कंप्यूटर सेट, एलईडी, कैनन प्रिंटर, यूपीएस, 110 खाली रॉयल्टी पर्चियां, पांच बिना छपे फर्जी रॉयल्टी प्रपत्र, दो वाहनों से संबंधित फर्जी उपखनिज परिवहन प्रपत्र तथा एक ब्रेजा कार बरामद कर सीज कर दी। सीओ प्रिया यादव का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।