सहारनपुर। आम जनमानस को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों को मिलावटखोरी पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए गए।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टियरिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियानों, नमूना जांच और अभियोजन कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. चमन लाल ने समिति के सदस्यों को बैठक के एजेंडे और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने विभाग की ओर से अब तक की गई प्रवर्तन कार्रवाई, खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूनों, प्राप्त जांच रिपोर्ट और उनके आधार पर की गई अभियोजन कार्रवाई का विवरण पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया।
बैठक में खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण, सर्विलांस नमूना कार्रवाई और खाद्य सचल प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर किए जा रहे खाद्य पदार्थों के परीक्षण की स्थिति भी प्रस्तुत की गई। समिति सदस्य दलजीत कोचर ने मिलावट रोकने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस एवं पंजीकरण के लिए विशेष कैंप आयोजित करने का सुझाव दिया। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवनाथ सिंह, जवाहरलाल, जगदंबा प्रसाद, सुमन पाल, उमेश कुमार, बिपिन कुमार, विनोद कुमार, अमित कुमार, कुलदीप तिवारी आदि मौजूद रहे।