सहारनपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के महेंद्रा गार्डन में रहने वाली बुजुर्ग दंपती के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ऑनलाइन प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए आई नौकरानी और उसकी सहयोगी बुजुर्ग दंपती के 52 हजार रुपये लेकर भाग गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रीतम चौधरी ने तहरीर देकर बताया कि पत्नी सुमनलता और बेटी अरुणा के साथ रहते हैं। वृद्धावस्था में देखभाल के लिए उनकी बेटी अनीता महेंद्र ने सोनम प्लेसमेंट सर्विस सेंटर नई दिल्ली से एक हाउस मेड की व्यवस्था की थी। एजेंसी ने मेड का नाम पूजा निवासी झारखंड बताया। एक दिसंबर को एजेंसी ने परिवार को जानकारी दी कि मेड पूजा अपनी सहकर्मी बबीता के साथ सहारनपुर भेज दी गई है। उसी दिन दोनों महिलाएं प्रीतम के घर पहुंची। वहां बबीता ने एजेंसी के नाम पर 52 हजार रुपये एग्रीमेंट के अनुसार लिए, जिसकी पीड़ितों ने एजेंसी से पुष्टि भी की। पुष्टि के बाद बबीता रकम लेकर चली गई। आरोप है कि कुछ देर बाद हाउस मेड पूजा भी सामान खरीदने का बहाना बनाकर घर से निकल गईं और फिर वापस नहीं लौटीं। काफी देर इंतजार के बाद जब वह नहीं आईं तो परिजनों ने एजेंसी से संपर्क किया और मामले की सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने पूजा, बबीता और सोनम प्लेसमेंट सर्विस एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।