सहारनपुर। जीआईएस सर्वे को रद्द कराने की मांग को लेकर पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल महापौर डॉ. अजय कुमार से मिला। पार्षदों ने आरोप लगाया कि सर्वे में भारी अनियमित्ता और खामियां हैं। पूरे शहर में 12 मीटर सड़क की दर से टैक्स लगा दिया गया है।
समाजवादी पार्टी के नगर विधान सभा प्रभारी एवं पार्षद अभिषेक उर्फ टिंकू अरोड़ा ने महापौर से मांग की कि जनहित में सर्वे रद्द होना चाहिए, क्योंकि जनता इतना टैक्स नहीं दे सकेगी। उन्होंने कहा कि बढ़े टैक्स से आम नागरिक से लेकर व्यापारी, उद्यमी सभी वर्ग परेशान हैं। छोटी गली और चौड़ी सड़कों पर टैक्स की दर अलग अलग है, लेकिन सर्वे कंपनी ने आठ फीट की गलियों तक में 12 मीटर की दर से टैक्स लगा दिया है। उन्होंने महापौर से मांग की कि वह जनता की पीड़ा को शासन तक पहुंचाएं। महापौर से मिलने वालों में पार्षद हाजी गुलशेर, हाजी नूर आलम, मोहर्रम अली पप्पू, अब्दुल खालिक, अहमद मलिक, नितिन जाटव, स्वराज सिंह, इमरान सैफी आदि शामिल रहे।