नई काटी जा रही कॉलोनी के बाहर नगर निगम द्वारा साफ की गई शकलापुरी मार्ग।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगर निगम पर अवैध कॉलोनी काटने के लिए कॉलोनाइजर की मदद करने का आरोप है। आरोपों की हकीकत जानने के लिए अमर उजाला ने शनिवार को जब मौके की पड़ताल की तो नगर निगम की जेसीबी अवैध कॉलोनी के बाहर की सड़क से गंदगी और झाड़ियां साफ करती मिली। हालांकि उक्त कॉलोनाइजर को मदद करने में नगर निगम की संलिप्तता कितनी है या नहीं है। यह जांच का विषय है, मगर सामने आई हकीकत और आरोप गंभीर हैं।
वार्ड संख्या आठ के पार्षद अनिल कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले रात्रि के समय चार जेसीबी उक्त कॉलोनी में मिट्टी की सड़कें बना रहीं थीं। उन्हें रास्ते में नगर निगम का एक कर्मचारी उक्त कॉलोनी की ओर चाय लेकर जाता हुआ मिला। जब उन्होंने उससे पूछा तो उसने बताया कि कॉलोनी में काम लगा है, जहां वह चाल लेकर जा रहा है। अनिल का आरोप है कि रात्रि में कॉलोनी में सड़कें तैयार करने वाली जेसीबी नगर निगम की थीं। अमर उजाला की टीम शनिवार की सुबह मौके पर पहुंची तो अवैध कॉलोनी के ठीक बाहर शकलापुरी मार्ग की पटरी पर खड़ी झाड़ियों और सालों से पड़े कचरे को नगर निगम की टीम जेसीबी के जरिए ढकती और सड़क को दुरुस्त करती नजर आई। जिस जगह से निगम की जेसीबी से कचरा ढका गया है उक्त पूरा क्षेत्र अवैध कॉलोनी के ठीक बाहर का है। उससे आगे और पीछे कहीं भी कचरा नहीं हटाया गया है। मौके पर जब पूछताछ की गई तो एक कर्मचारी अपनी बाइक उठाकर चलता बना, जबकि जेसीबी अपना काम करती रही। सवाल यह है कि सालों से पड़े कचरे को कभी पहले तो हटाया नहीं गया अब दो दिन में क्या जरूरत पड़ी कचरे को ढककर सड़क को साफ करने की। हालांकि सेनेट्री इंस्पेक्टर अमित तोमर का कहना है कि इन दिनों सफाई अभियान तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को मल्हीपुर रोड पर से कचरा हटाया गया है। इसी तरह शहर के बाहर की कॉलोनियों से कचरा हटाया जा रहा है। उन्होंने कॉलोनाइजर को लाभ पहुंचाने के आरोपों को निराधार बताया। अमित तोमर नगर निगम के गैराज प्रभारी भी हैं। उन्होंने रात के समय जेसीबी भेजकर कॉलोनी की सड़कें बनवाने के आरोपों को भी गलत बताया है। उनका कहना है कि उनके सभी वाहन जिस परिसर में खड़े होते हैं वहां सीसीटीवी लगे हैं वाहन सुबह निकलने से लेकर शाम को खड़े होने तक का समय दर्ज होता है। ऐसे में रात में वाहन निकालने का सवाल ही नहीं उठता है।
----------
शकलापुरी मार्ग पर कोई भी कॉलोनी अभी तक पास नहीं कराई गई है। जो भी कॉलोनी हाल फिलहाल में काटी जा रही है वह अवैध है। किसी भी कॉलोनाइजर द्वारा अभी तक कॉलोनी को नियमित करने की फाइल नहीं डाली गई है। जल्द ही कॉलोनियों को ध्वस्त कराया जाएगा।
रोहित कुमार पाठक, अवर अभियंता, एसडीए।
----------
अवैध कॉलोनी के लिए नगर निगम की जेेसीबी लगाकर सड़क को साफ कराए जाने का मामला गंभीर है। मामले की जांच कराई जाएगी। यदि आरोपों में जरा सी भी सच्चाई है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। चूंकि प्राधिकरण की जिम्मेदारी भी मुझ पर है। ऐसे में अवैध कॉलोनी को भी तुरंत ध्वस्त कराया जाएगा।
ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त/उपाध्यक्ष, एसडीए।