सहारनपुर। महापौर कार्यालय में बृहस्पतिवार को हुई कार्यकारिणी समिति की बैठक में वर्ष 2021-22 के लिए 284.81 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बजट लेेखाधिकारी राजीव कुशवाहा के द्वारा प्रस्तुत किया गया। इससे पहले महापौर और नगरायुक्त ने कार्यकारिणी समिति के नए सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। पार्षद भूरा सिंह प्रजापति को सर्वसम्मति से उप सभापति चुना गया।
महापौर संजीव वालिया की अध्यक्षता में अपराह्न तीन बजे हुई बैठक में पार्षद नरेश रावत, गुलशेर, अनिल, आशुतोष, अभिषेक टिंकू आदि ने नाला व सड़क निर्माण की कमियों को उजागर करते हुए निर्माण व उसके अधिकारियों पर सवाल उठाए। इस पर महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने गड़बड़ियों की जांच कराने का आश्वासन दिया। साथ ही बताया कि मुख्य अभियंता के रूप में कानपुर से कैलाश सिंह आ गए हैं, जो निर्माण संबंधी सभी कार्य देखेंगे।
आशुतोष सहगल ने रिलायंस का पोल उखाड़ने संबंधी मामला एक बार फिर उठाते हुए जानना चाहा कि पोल उखाड़ने का काम कब शुरू होगा। इस पर नगरायुक्त ने बताया कि कुछ आवश्यक कार्रवाई के बाद जल्द ही पोल उखाड़े जाएंगे। पार्षद कंचन धवन ने शारदानगर में कोरोना काल में कार्य करने वाले सफाईकर्मी रविकुमार की मृत्यु का मामला उठाते हुए उसके परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा मुआवजा दिलाने की मांग की। आशुतोष सहगल, गुलशेर व अभिषेक अरोड़ा आदि पार्षदों ने एक साथ पांच-पांच साल के हाउस टैक्स बिल लोगों को भेजने और उन पर ब्याज लगाने को गलत ठहराया।
महापौर और नगरायुक्त ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि बिलों में अगर कहीं गड़बड़ी है तो उसे ठीक कराया जाएगा। पार्षद अभिषेक अरोड़ा ने गोशाला के विस्तार पर जोर देते हुए नई गोशाला के निर्माण की आवश्यकता बताई। महापौर ने संपत्ति विभाग को 10-12 बीघा भूमि देखकर नई गोशाला का निर्माण करने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि नवादा स्थित गोशाला की दूसरी मंजिल पर भी विस्तार किया जा सकता है। शहजाद मलिक व पार्षद गुलशेर ने डबनीवाले कब्रिस्तान में सुंदरीकरण की मांग रखी। महापौर ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। अभिषेक अरोड़ा ने पुरानी चुंगी से नवाबगंज तक वेंडर जोन बनाने की मांग फिर से उठाई। नगरायुक्त ने कहा कि वेंडर जोन बहुत आवश्यक है, अस्पताल के निकट भी एक वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है तथा अन्य स्थानों पर भी बनाए जाएंगे। अनिल कुमार ने निगम में शामिल गांवों के कच्चे मार्गों को पक्का कराने, आशुतोष ने अतिक्रमण हटाने के लिए एक नीति बनाने की मांग रखी।
शहीद स्मारक का होगा सुंदरीकरण
सहारनपुर। चौरी-चौरा शताब्दी दिवस पर नगर निगम ने शहीदों के प्रति सम्मान जताते हुए लोहा बाजार स्थित शहीद स्मारक का सुंदरीकरण कर उसे भव्य बनाने की घोषणा की। पार्षद अभिषेक अरोड़ा उर्फ टिंकू ने पुल खुमरान व पुल खुमरान से पुरानी चुंगी की ओर जाने वाली सड़क का नाम जस्टिस आगा हैदर के नाम पर रखने तथा पुरानी चुंगी चौक या जनमंच का नाम समाजसेवी सेठ गंगाप्रसाद माहेश्वरी के नाम पर रखने की मांग की। पार्षद आशुतोष सहगल ने जनमंच का नाम सहारनपुर पालिका के पूर्व चेयरमैन लाला भगवानदास के नाम पर रखने की मांग की।