सहारनपुर। जिले में शुक्रवार को 64 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें जिला जेल का एक बंदी भी बताया गया है। एक दिन में आने वाले संक्रमितों की यह सबसे बड़ी संख्या है। जनपद में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1047 पहुंच गई है।
शुक्रवार को 30 लोगों की रिपोर्ट एंटीजन किट से पॉजिटिव निकली, जबकि शेष 34 की रिपोर्ट मेरठ लैब से आई। संक्रमितों में दस लोग गंगोह, पांच अंबेहटापीर, एक शहर के जनकनगर, छह लोग पाल्ली, तीन चिलकाना चुंगी स्टेट बैंक कॉलोनी, दो न्यू कृष्णानगर, चार बेहट अड्डा, दो पठेड़, एक हकीकतनगर, दो रेलवे कॉलोनी, एक गोविंदनगर, एक शुगर मिल, एक जिला जेल, एक शारदानगर, चार नकुड़, एक बिशनपुर, एक मेहंदी सराय, दो नंदवाटिका, एक माधोनगर, तीन राधा विहार, एक भायला कला, एक चौधरी कॉलोनी, एक चंदेना कोली, एक तल्हेड़ी चुंगी का व्यक्ति है। 18 लोगों की कोविड अस्पतालों से छुट्टी की गई है। इनके साथ ही जनपद में अभी तक सामने आए कोरोना मरीजों की कुल संख्या 1047 पहुंच गई है। हालाकि इनमें से 687 मरीज ठीक हो चुके हैं। 11 की मौत हुई है। वर्तमान में 349 एक्टिव मरीज हैं।
विधायक ने व्यवस्था पर सवाल उठाए
सहारनपुर। नगर विधायक संजय गर्ग ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कोविड अस्पताल के कुछ मरीजों का हवाला देते हुए बताया कि कोविड अस्पताल की सफाई व्यवस्था खराब है। कहीं शौचालय की फ्लैश खराब है तो कहीं कचरा फैला हुआ है। उन्होंने व्यवस्था में सुधार करने की बात प्रशासन से कही है। उधर, सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी का कहना है कि यदि कोविड अस्पताल में सफाई व्यवस्था खराब है तो इसकी जांच कराई जाएगी।