सहारनपुर। कोरोना वायरस से बचाव की मुहिम के बीच बुधवार को पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुलिस लाइन परिसर में संक्रमण से बचाव विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अफसरों और प्रशिक्षकों ने कोरोना संक्रमण के लक्षणों की पहचान करने और उनसे बचाव के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही पुलिस की ओर से कोरोना के मद्देनजर 25 रैपिड एक्शन टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें थानों से लेकर भीड़ वाले स्थलों पर पहुंचकर लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक करेंगी। इसके साथ ही आपात स्थिति में स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ भी समन्वय के साथ काम करेंगी।
प्रशिक्षण के दौरान शरीर की सुरक्षा के लिए किट के प्रयोग के बारे में बताया गया। कोरोना वायरस से कंट्रोल के लिए जारी गाइडलाइंस के अनुसार गाउन पहनने, गॉगल का प्रयोग करने, मास्क पहनने, हाथों पर ग्लव्स, प्रोटेक्टेड शॉक्स और कैप्स पहनने, नोज पिन का प्रयोग करने सहित अन्य के बारे में ट्रेनिंग दी गई। इसके बाद किट हटाने के समय भी कई जरूरी सावधानियों के बारे में अवगत कराया गया। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी और नोडल अधिकारी डॉ. शिवांका गौड़ ने आइसोलेशन वार्ड, हेल्पलाइन, कंट्रोल रूम सहित अन्य जानकारियां दीं। एसएसपी दिनेेश कुमार और एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने पुलिस टीमों से कहा कि वे यहां दिए गए प्रशिक्षण के अनुरूप इस मामले में आगे गंभीर रहें। इस दौरान एसीएमओ डा. ओपी गुप्ता, प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक प्रेमचंद सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।
यह रहेगा रैपिड एक्शन टीम का फारमेट
- बड़े थानों में दो सब इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल, चार कांस्टेबल
- छोटे थानों में एक सब इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल, दो कांस्टेबल
- इनके अलावा पुलिस लाइन से भी कुछ सदस्य प्रशिक्षित रहेंगे
- फरियादियों और भीड़ वाले स्थलों पर लोगों को जागरूक करेगी
- आपात स्थिति में मेडिकल टीम के साथ समन्वय से काम करेगी
पुलिस लाइन में कोरोना वायरस को लेकर बचाव गोष्ठी में बिना मास्क के गोष्ठी में भाग लेते पुलिस कर्मी- फोटो : SAHARANPUR