सहारनपुर। कोविड के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर शनिवार की रात आठ बजे से 35 घंटे का कोरोना कर्फ्यू लागू हो गया। आठ बजते ही बाजार बंद हो गए, लेकिन सड़कों पर आवाजाही देर रात तक होती रही। कई जगहों पर पुलिस ने लाउडस्पीकर से लोगों से घरों में रहने की अपील करती नजर आई।
08:10 बजे कोर्ट रोड
कोर्ट रोड पर दुकानें बंद हो गई, लेकिन वाहनों की आवाजाही बढ़ी संख्या में होती रही। पुलिसकर्मी लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को घरों में जाने की अपील करते हुए नजर आए।
08:25 बजे--देहरादून चौक
देहरादून चौक से देहरादून रोड, बाजोरिया मार्ग और खानआलपुरा की तरफ की सभी मार्केट बंद हो गई। सिर्फ कुछ डेरी और मेडिकल स्टोर खुले रहे, जहां पर लोग दवाईयां, मास्क और सैनिटाइजर लेते हुए नजर आए।
08:43 बजे--घंटाघर
घंटाघर पर सभी बाजार बंद हो गए। यहां से नेहरू मार्केट, श्रीराम चौक, शहीदगंज बाजार और मोरगंज बाजार की दुकानें निर्धारित समय आठ बजे बंद हो गई। सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा हुआ नजर आया। इसी तरह लोहानी सराय बाजार भी पूरी तरह बंद रहा।
09:00 बजे- कुतुबशेर तिराहा, यात्री हुए परेशान
अंबाला रोड, गुरुद्वारा रोड और कंबोह के पुल की तरफ जा रहे रास्ते की सभी दुकानें बंद हो गई। कुछ रेहड़ी चालक अपने घर लौटते हुए दिखाई दिए। अंबाला रोड पर पेट्रोल पंप खुले रहे, लेकिन गंगोह बस स्टैंड और रोडवेज बस स्टैंड बाहर वाहन न मिलने की वजह से घर जाने की इंतजार यात्री परेशान नजर आए।
अधिकारी करते रहे गश्त
सहारनपुर। कोरोना कर्फ्यू लागू होते ही सड़कों पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी उतर गए। एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा ने सख्ताई कोरोना कर्फ्यू का पालन कराने के निर्देश दिए। एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ प्रथम चंद्र प्रकाश और सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी के अलावा शहर के सभी छह थानों की पुलिस फोर्स सड़कों पर नजर आई।
मास्क न लगाने पर 1571 काटे चालान
सहारनपुर। मास्क न लगाने वाले लोगों पर पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई की। शनिवार को जिले भर में बिना मास्क लगाए घूम रहे 1571 लोगों के चालान काटे गए। इसके साथ ही 1.77 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। नागरिकों को भी चाहिए कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए शासन-प्रशासन का सहयोग करें और गाइड लाइन का पालन करें।----------अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी
लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सड़कों पर बेवजह घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। सिर्फ आवश्यक सेवाओं के लिए ही वाहनों का आवागमन होगा।---------डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी
कोरोना कर्फ्यू के चलते अंबाला रोड मार्केट में पसरा सन्नाटा और चलते रहे वाहन- फोटो : SAHARANPUR
कोरोना कर्फ्यू के चलते कोर्ट मार्केट बंद पर चलते रहे वाहन- फोटो : SAHARANPUR
कोरोना कर्फ्यू के चलते नेहरू मार्केट में पसरा सन्नाटा।- फोटो : SAHARANPUR