सोमवार को 33 केंद्रों पर 7440 लोगों को लगाया जाना था टीका
सहारनपुर। कोरोना वैक्सीन टीकाकरण अभियान में सोमवार को कुल 4134 लोगों को टीका लगाया गया। टीकाकरण के लिए 33 केंद्र बनाए गए थे, जिन पर 7440 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को तीसरे चरण में शामिल 60 वर्ष से अधिक आयु के तथा 45 से 59 वर्ष के गंभीर मरीज लोगों को टीका लगाने के लिए 33 केंद्र बनाए गए। टीकाकरण सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक चला। कुल 7440 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिनके सापेक्ष 4134 लोगों ने टीका लगाया। 55.6 फीसदी लोग टीका लगवाने पहुंचे। टीका लगने के बाद सभी लोग पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि शेष लोगों को आगामी दिनों में टीका लगाया जाएगा।
पांच कोरोना संक्रमित मिले
सहारनपुर। सोमवार को जनपद में पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें तीन शहर और दो देहात के रहने वाले हैं। इनके साथ ही जनपद में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 10579 हो गई है। उधर, सोमवार को एक कोरोना मरीज ठीक हुआ है। वर्तमान में कोरोना के 26 एक्टिव मरीज हैं।